दी मीडिया टाइम्स डेस्क, 4 जून
Mansoon news : आखिरकार भारत में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून का आगमन हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बृहस्पतिवार को औपचारिक घोषणा कर दी कि मॉनसून केरल पहुंच चुका है। दक्षिण भारतीय राज्य में पिछले कई दिनों से बारिश का दौर चल रहा था, लेकिन अब आधिकारिक तौर पर मॉनसून न दस्तक दे दी। खास बात ये है कि सामान्य तारीख 1 जून थी, लेकिन मॉनसून 4 दिन की देरी से पहुंचा। शुरुआती अनुमान था कि 26 मई तक दस्तक दे सकता है, फिर 30 मई तक का इंतजार बताया गया, लेकिन आखिरकार 4 जून को बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक, तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पत्तनमथिट्टा, इडुक्की और त्रिशूर जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। हवाएं 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। उत्तर-पश्चिम भारत के उन राज्यों के लिए ये राहत की खबर है जो भीषण गर्मी से जूझ रहे थे। लेकिन बिहार जैसे राज्यों के लिए अभी मुश्किलें बरकरार हैं। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अभी बिहार तक नहीं पहुंचा। विभाग का अनुमान है कि 12 से 16 जून के बीच मॉनसून बिहार में दस्तक देगा। तब तक राज्य में गर्मी और उमस का कहर जारी रहेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि मॉनसून की धीमी रफ्तार ही तापमान बढ़ा रही है।देशभर में मॉनसून की रफ्तार को देखते हुए IMD ने संशोधित पूर्वानुमान जारी किया है। इस बार मॉनसूनी बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है।
