द मीडिया टाइम्स डेस्क : 19 जून
National News : बिहार समेत देशभर के किसानों को शनिवार को बड़ा लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून 2026 को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इस अवसर पर देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 18,880 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे। प्रत्येक पात्र किसान को 2,000 रुपये की सहायता राशि मिलेगी। केंद्र सरकार के अनुसार यह पीएम-किसान योजना के इतिहास की सबसे बड़ी किस्तों में से एक है।स योजना का लाभ बिहार के किसानों को भी बड़े पैमाने पर मिल रहा है। उपलब्ध सरकारी आंकड़ों के अनुसार राज्य के करीब 73 लाख से अधिक किसान पीएम-किसान योजना के लाभार्थी हैं। ऐसे में 23वीं किस्त जारी होने के साथ ही बिहार के लाखों किसानों के खातों में भी सहायता राशि पहुंच जाएगी, जिससे खरीफ फसलों की बुआई के दौरान बीज, खाद और अन्य कृषि कार्यों में आर्थिक मदद मिलेगी।प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को हर वर्ष 6,000 रुपये की सहायता तीन समान किस्तों में दी जाती है। यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होती है और पारदर्शिता बनी रहती है।केंद्र सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे समय पर ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और भूमि रिकॉर्ड का सत्यापन करवा लें, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी त्रुटि के कारण भुगतान प्रभावित न हो। अधिकारियों का कहना है कि जिन किसानों की सभी औपचारिकताएं पूरी हैं, उन्हें 23वीं किस्त का लाभ बिना किसी परेशानी के मिलेगा।
