सहयोग शिविरों में उमड़ी भीड़, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने योजनाओं की प्रगति का लिया जायजा

द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 19 मई : मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सोमवार को पटना जिले के सभी 23 प्रखंडों की 41 पंचायतों में “सहयोग शिविर” का आयोजन किया गया। शिविरों में हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने सरकार की लोक-कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं से जीवन स्तर में आए बदलाव पर संतोष जताया। आम लोगों ने सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की पहल को सराहा।
राज्य सरकार के आदेश के आलोक में पटना जिला के प्रभारी मंत्री सह उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने नौबतपुर प्रखंड के चिरौरा पंचायत, दानापुर प्रखंड के सरारी पंचायत तथा पुनपुन प्रखंड के कल्याणपुर पंचायत में आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए 19 जनोपयोगी काउंटरों का जायजा लिया और उपस्थित लोगों से योजनाओं के लाभ एवं समस्याओं को लेकर फीडबैक भी प्राप्त किया।
शिविरों में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मनरेगा जॉब कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, राशन कार्ड, यूनिक डिसएबिलिटी कार्ड, बासगीत पर्चा, श्रम कार्ड सहित कई योजनाओं के लाभुकों को सांकेतिक चेक, स्वीकृति पत्र और अन्य प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं की सफलता के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है और सहयोग शिविरों में लोगों की सक्रिय उपस्थिति सरकार के प्रति विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि “आज पूरी सरकार आपके द्वार है। सभी विभागों के अधिकारी सीधे जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
निर्धारित समय सीमा में कार्य नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की भी उन्होंने सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *