बिहार के खनन क्षेत्र को मिलेगी नई रफ्तार, 8 नये खनिज विकास पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी

दी मीडिया टाइम्स डेस्क

 

पटना, 21 मई। खान एवं भूतत्व विभाग में नव-नियुक्त 8 खनिज विकास पदाधिकारियों (एमडीओएस ) ने बृहस्पतिवार को औपचारिक रूप से योगदान दिया। इस अवसर पर राज्य के खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने सभी अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये युवा अधिकारी बिहार के खनन क्षेत्र को नई ऊर्जा और नई दिशा देंगे।

मंत्री ने सभी नव-नियुक्त अधिकारियों को शुभकामना पत्र भी वितरित किया और कहा कि राज्य सरकार तथा विभाग हर स्तर पर उनका मार्गदर्शन और सहयोग करेगा। उन्होंने अधिकारियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि बिहार खनिज संसाधनों के मामले में समृद्ध राज्य है और खनन क्षेत्र राज्य की अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ अधिकारियों की जवाबदेही भी बढ़ जाती है। ऐसे में जनहित, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए राज्य के खनन प्रशासन को और मजबूत बनाना होगा।

विभाग के सचिव अवनीश कुमार सिंह ने भी अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि विभागीय कार्यों में अनुशासन और जवाबदेही सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान मिले अनुभवों को जमीनी स्तर पर लागू करने पर जोर दिया।

इस मौके पर निदेशक (खान) मनेश कुमार मीणा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी नव-नियुक्त खनिज विकास पदाधिकारी 25 मई से बिपार्ड में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे, जिसके बाद उन्हें उनके पदस्थापित जिलों में योगदान देना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *