द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 19 मई :राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने बिहार में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोमवार को 01, पोलो रोड स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि नई सरकार बने एक महीने से अधिक समय हो चुका है, लेकिन महिलाओं पर अत्याचार, बलात्कार और हत्या की घटनाओं पर रोक लगाने में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में महिलाएं घर, स्कूल और सार्वजनिक स्थानों पर खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधी बेखौफ होकर महिलाओं एवं बच्चियों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन राज्य के किसी न किसी जिले से दुष्कर्म, हत्या और अत्याचार की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार इस पर गंभीर नहीं दिख रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वे जो आंकड़े और घटनाएं रख रहे हैं, वे अखबारों में प्रकाशित खबरों पर आधारित हैं। उन्होंने बिहार के जागरूक नागरिकों से महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों पर सरकार से सवाल पूछने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल “फोटो शूट” और प्रचार में व्यस्त है, जबकि जमीनी स्तर पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।
तेजस्वी यादव ने महिलाओं के स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बिहार की 65 प्रतिशत महिलाएं खून की कमी से जूझ रही हैं और उन्हें पर्याप्त पौष्टिक भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। साथ ही जीविका दीदियों के साथ अन्याय किए जाने और चुनाव के दौरान महिलाओं से किए गए आर्थिक वादों को पूरा नहीं करने का आरोप भी लगाया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाने और जनहित के ज्वलंत मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन और संघर्ष करेगा।
प्रेस वार्ता में विधायक डॉ. उर्मिला ठाकुर, अनीता देवी, मुन्नी रजक, करिश्मा राय, राजद महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अनीता भारती, प्रदेश प्रवक्ता सारिका पासवान, मुख्यालय प्रभारी मुकुंद सिंह एवं आयशा फातिमा सहित कई नेता मौजूद थीं।
