बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को हाईटेक बनाने में जुटे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, आयुष्मान योजना पर विशेष फोकस: उमेश कुशवाहा

द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 21 मई : बिहार जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने स्वास्थ्य विभाग में हो रहे बदलावों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने जिम्मेदारी संभालने के बाद से ही प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक आधुनिक, सुदृढ़ और जनसुलभ बनाने की दिशा में तेजी से काम शुरू कर दिया है। राज्य के हर नागरिक तक बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
उमेश कुशवाहा ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री लगातार विभागीय कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के जरिए जिला अस्पतालों की नियमित समीक्षा की जा रही है। साथ ही मंत्री स्वयं मरीजों से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक ले रहे हैं, ताकि व्यवस्था में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनी रहे।
उन्होंने बताया कि सरकार की विशेष प्राथमिकता आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर है। विभागीय स्तर पर बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर पात्र परिवारों को आयुष्मान कार्ड से जोड़ा जा रहा है। इसका उद्देश्य गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक राहत देना है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों के नेटवर्क को बढ़ाया जा रहा है। इसके अलावा अस्पतालों में क्लेम सेटलमेंट प्रक्रिया को भी सरल और तेज बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि मरीजों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि इलाज की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए राज्य के सभी मरीजों के मेडिकल रिकॉर्ड और चिकित्सा इतिहास के डिजिटलीकरण के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण इलाकों में डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
उमेश कुशवाहा ने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों में बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार हुआ है। अब स्वास्थ्य मंत्री निशांत के नेतृत्व में आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम और तेज गति से किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *