जनगणना-2027 को लेकर पटना नगर निगम का सख्त निर्देश, विद्यालयों से मांगा सहयोग

द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 18 मई : पटना नगर निगम के नूतन राजधानी अंचल कार्यालय द्वारा भारत की जनगणना-2027 के कार्य को सुचारु एवं सफल बनाने को लेकर सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधान शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों एवं प्राचार्यों को महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया गया है।
नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि बिहार सरकार के निर्देशानुसार जनगणना-2027 के प्रथम चरण का कार्य 2 मई 2026 से 31 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इस दौरान प्रगणक एवं पर्यवेक्षक घर-घर जाकर HLB के माध्यम से जनगणना का कार्य कर रहे हैं।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि कई स्थानों से ऐसी शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं प्राचार्य जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों एवं कर्मियों को कार्य करने से रोक रहे हैं, जिससे जनगणना कार्य प्रभावित हो रहा है। इसी को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किया है कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सभी विद्यालय प्रशासन पूर्ण सहयोग प्रदान करें।
साथ ही निर्देश में यह भी कहा गया है कि अत्यधिक गर्मी को देखते हुए क्षेत्रीय कार्यों को दोपहर के बजाय सुबह के समय संपन्न कराने का सुझाव दिया गया है, ताकि कर्मियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाया जा सके।
नगर निगम प्रशासन ने चेतावनी देते हुए कहा है कि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने पर जनगणना अधिनियम-1948 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।
इस आदेश की प्रतिलिपि जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं प्रधान जनगणना पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *