द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 18 मई : बिहार में एक बार फिर भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार को राज्य के नौ जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। रोहतास सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान करीब 44 डिग्री दर्ज किया गया। बक्सर, कैमूर और शेखपुरा में भी पारा 42 डिग्री के पार रहा। राजधानी पटना में तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोग उमस और तेज धूप से बेहाल दिखे।
मौसम विभाग ने तीन जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक पटना समेत अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहेगा, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
हालांकि भागलपुर, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, कटिहार, अररिया, दरभंगा और मधुबनी समेत कुछ जिलों में 18 से 20 मई के बीच आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
