रोटी कमाने निकला था इरफान, मौत बनकर टूट पड़ा पेड़; पटना के तूफान ने उजाड़ दिया एक परिवार का घर

हेमंत मोहन
पटना, 9 मई | राजधानी पटना में शुक्रवार को आई तेज आंधी और बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी । गर्दनीबाग रोड नंबर-1 में तेज तूफान के दौरान एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से नारियल बेचने वाले युवक इरफान की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार इरफान सड़क किनारे नारियल बेच रहे थे। तभी अचानक तेज हवा चली और पास का एक बड़ा पेड़ गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में आने से इरफान गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे में एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी खबर है। घायल को इलाज के लिए गर्दनीबाग अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक का शव फिलहाल शास्त्रीनगर स्थित एलएनजेपी अस्पताल में रखा गया है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब मौसम के दौरान शहर में कई पुराने पेड़ खतरा बने हुए हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे कमजोर पेड़ों की जांच और कटाई की मांग की है ताकि आगे इस तरह के हादसे न हों।

तेज बारिश और तूफान के कारण पटना के कई इलाकों में पेड़ गिरने, जलजमाव और बिजली बाधित होने की समस्या भी देखने को मिली। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम में सावधानी बरतने और जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *