हेमंत मोहन
पटना, 9 मई : माँ वैष्णो देवी सेवा समिति एवं माँ ब्लड सेंटर परिवार ने शुक्रवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर स्वास्थ्य और मानव सेवा के क्षेत्र में उनके नेतृत्व में किए गए कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने कहा कि नीतीश कुमार के सहयोग और दूरदर्शी सोच के कारण बिहार में ब्लड बैंक व्यवस्था को मजबूत करने और थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के उपचार के लिए महत्वपूर्ण पहल संभव हो सकी।
समिति के अभिभावक ललन सर्राफ ने बताया कि वर्ष 2017, 2018, 2019 और 2021 में आयोजित लोकसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य में ब्लड बैंकों को सशक्त बनाने, थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए डे-केयर सेंटर स्थापित करने तथा बोन मैरो ट्रांसप्लांट जैसी सुविधाओं को लेकर राज्य सरकार की ओर से ऐतिहासिक सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों ने सैकड़ों बच्चों और उनके परिवारों को नई उम्मीद और जीवन देने का काम किया है।
ललन सर्राफ ने बताया कि माँ वैष्णो देवी सेवा समिति की स्थापना 16 मार्च 2010 को गांधी मैदान में आयोजित विशाल भगवती जागरण के साथ हुई थी। इसके बाद 27 फरवरी 2022 को माँ ब्लड सेंटर को समाज को समर्पित किया गया। संस्था लगातार रक्तदान जागरूकता, थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की सहायता और स्वास्थ्य सेवा से जुड़े सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
समिति के सदस्यों ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण अपनाया गया, जिससे जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिली। उन्होंने कहा कि निःस्वार्थ सेवा, सामाजिक संवेदनशीलता और दूरदर्शी सोच का यह उदाहरण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर माँ वैष्णो देवी सेवा समिति एवं माँ ब्लड सेंटर परिवार ने ललन सर्राफ के नेतृत्व में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को माँ वैष्णो देवी की तस्वीर और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम के दौरान संस्था से जुड़े कई सदस्य और समाजसेवी भी उपस्थित रहे। सभी ने स्वास्थ्य सेवा और मानव कल्याण के क्षेत्र में मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

The Media Times – Unfiltered. Unbiased. Unstoppable.
The Media Times stands as a pillar of fearless journalism, committed to delivering raw, unfiltered, and unbiased news. In a world saturated with noise, we cut through the clutter, bringing facts to the forefront without agenda or compromise.From hard-hitting investigative reports to thought-provoking analysis, we cover politics, healthcare, business, technology, entertainment and global affairs with an unwavering commitment to truth. Our team of dedicated journalists and experts works relentlessly to challenge narratives, expose realities, and hold power accountable.At The Media Times, we don’t just report the news—we shape conversations, spark change, and empower the public with knowledge.