पाटलिपुत्र जोन बीसीए मेंस टी20 में पटना ने जहानाबाद को 142 रन से रौंदा

द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 17 मई : मोइनुल हक स्टेडियम में खेले गए पाटलिपुत्र जोन बीसीए मेंस टी20 ट्रॉफी मुकाबले में पटना ने जहानाबाद को 142 रन से हराकर शानदार शुरुआत की। मैच के हीरो आशीष कुमार रहे, जिन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर जहानाबाद ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पटना ने 18 ओवर में 3 विकेट पर 220 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। आशीष कुमार ने 55 गेंदों में 11 चौके और 4 छक्कों की मदद से रिटायर हर्ट 100 रन बनाए। आकाश राज ने 23 गेंदों पर नाबाद 43 रन की तेज पारी खेली। आदित्य कुमार ने 34 और शशीम राठौर ने 14 रन का योगदान दिया। अतिरिक्त के रूप में 27 रन मिले।
जहानाबाद की ओर से शशि शेखर और जतिन यादव को एक-एक विकेट मिला।
221 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जहानाबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। संतोष और रजनीश बिना खाता खोले आउट हो गए। कुमार श्रेय ने 13 और ऋषभ रंजन ने 31 रन बनाए, लेकिन पूरी टीम 16.5 ओवर में 78 रन पर सिमट गई।
पटना की ओर से शशीम राठौर ने 4 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट झटके। सूरज कश्यप ने 3 विकेट और पवन कुमार ने 5 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। राहुल राठौर को भी 1 विकेट मिला।
दूसरा मुकाबला अरवल और वैशाली के बीच खेला गया। टॉस जीतकर अरवल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 171 रन बनाए। टीम की ओर से दीपेश कुमार गुप्ता ने 36 गेंदों पर 66 रन, शंतनु चंद्रा ने 51 गेंदों पर 59 रन तथा आयुष ने 38 रन का योगदान दिया।
वैशाली की ओर से गेंदबाजी में कार्तिक कृष्णा, एमडी अरिज याकूब और सचिन राज कुमार ने 1-1 विकेट लिया।
172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वैशाली की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 149 रन ही बना सकी। अश्वनी कुमार ने 52 रन और एमडी अरिज याकूब ने 19 रन बनाए।
अरवल की ओर से आदित्य रिपु कुमार ने 4 ओवर में 26 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं आयुष रवि शंकर, शंतनु चंद्रा, सचिन और सुमित ने 1-1 विकेट लेकर टीम की जीत में योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *