बिहार में अग्निशमन व्यवस्था होगी हाईटेक, सीएम ने 80 हाईटेक फायर ब्रिगेड और 36 स्कॉर्पियो वाहनों को दिखाई हरी झंडी

द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 18 मई : सम्राट चौधरी ने सोमवार को गाँधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बिहार सरकार की ओर से 80 हाईटेक फायर ब्रिगेड वाहनों और 36 स्कॉर्पियो गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर फायर फाइटर्स ने आधुनिक उपकरणों और रेस्क्यू तकनीकों का प्रदर्शन कर आपदा प्रबंधन की नई तैयारियों का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार फायर सर्विस, प्रशासनिक व्यवस्था और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने से निवेश और उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बिहार से बाहर काम कर रहे लोगों से राज्य लौटकर उद्योग लगाने की अपील करते हुए कहा कि अब बिहार तेजी से बदल रहा है और यहां रोजगार तथा निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकार राज्य में 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बड़े उद्योगों के आने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और बिहार की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, प्रशासनिक संसाधनों और औद्योगिक निवेश को प्राथमिकता दे रही है।
कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री ने सख्त रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि बिहार सुशासन वाला राज्य है और पुलिस को स्वतंत्र रूप से कार्रवाई करने की छूट दी गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून को कोई अपने हाथ में नहीं ले सकता तथा अपराध और अव्यवस्था के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *