सीतामढ़ी में डेढ़ लाख रुपए रिश्वत लेते निगरानी विभाग के हत्थे चढ़े जेई विजय कुमार

द मीडिया टाइम्स डेस्क

सीतामढ़ी,15 मई। शुक्रवार को सीतामढ़ी में निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुपरी नगर परिषद में पदस्थापित जूनियर इंजीनियर विजय कुमार शर्मा को करीब डेढ़ लाख रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद नगर परिषद कार्यालय में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, एक संवेदक ने निगरानी विभाग से शिकायत की थी कि जूनियर इंजीनियर विजय कुमार शर्मा कार्य से संबंधित फाइल को आगे बढ़ाने और भुगतान प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए।

इसके बाद निगरानी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही संवेदक ने आरोपी जेई को रिश्वत की राशि सौंपी, टीम ने मौके पर ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान करीब डेढ़ लाख रुपये बरामद किए गए।

निगरानी विभाग की टीम आरोपी इंजीनियर को अपने साथ लेकर आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। इस कार्रवाई को लेकर सरकारी विभागों में भी चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *