प्रधानमंत्री की अपील का असर: शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ई-रिक्शा से पहुंचे कार्यालय

द मीडिया टाइम्स डेस्क

पटना, 15 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील का असर अब बिहार सरकार के मंत्रियों पर भी दिखाई देने लगा है। इसी कड़ी में बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी शुक्रवार को ई-रिक्शा से अपने सरकारी कार्यालय पहुंचे। शिक्षा मंत्री के इस कदम को पर्यावरण संरक्षण, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और आम लोगों को जागरूक करने की दिशा में एक सकारात्मक संदेश माना जा रहा है।

कार्यालय पहुंचने के बाद शिक्षा मंत्री ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और ईंधन की खपत को देखते हुए हम सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील केवल सरकार के लिए नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक के लिए है। अगर लोग छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करें तो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ईंधन की भी बड़ी बचत हो सकती है।

उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन और ई-वाहनों के उपयोग की अपील की। मंत्री के इस कदम की राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा हो रही है। बिहार सरकार लगातार ईंधन संरक्षण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *