द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 21 मई : राजधानी में पटना नगर निगम द्वारा आधुनिक धोबी घाट निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। बाजार समिति के पास वार्ड-47 क्षेत्र में इसके निर्माण का प्रस्ताव जल्द सशक्त स्थायी समिति की बैठक में रखा जाएगा। योजना पर करीब 1.41 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
प्रस्तावित धोबी घाट में पारंपरिक व्यवस्था के साथ आधुनिक मशीनों की सुविधा भी होगी। यहां एक मंजिला भवन बनाया जाएगा, जिससे कपड़ों की धुलाई का कार्य आसान और तेज हो सकेगा।
नगर निगम पहले ही शहर के कई स्थानों पर आधुनिक धोबी घाट की योजना को मंजूरी दे चुका है। विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। महापौर सीता साहू ने कहा कि यह परियोजना स्थानीय धोबी समुदाय के लिए सुविधाजनक और रोजगार बढ़ाने वाली साबित होगी।
