JHARKHAND NEWS : गढवा में मोबाइल टावर पर चढा युवक, प्रेमिका से शादी कराने की मांग पर अड़ा, लड़की के आने के बाद नीचे उतरा

द मीडिया टाइम्स डेस्क, 14 जून

Youth climbed on mobile tower : झारखंड के गढ़वा जिले के खरौंधी में ‘मेरी शादी उससे करवा दो’ की मांग करते हुए एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की इस पागलपंथी के कारण मौके पर घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। युवक को घंटों तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं बनी तो उसकी प्रेमिका को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद युवक मोबाइल टावर से नीचे उतरा।

खरौंधी मुख्यालय में रविवार को उस समय अफरा-तफरी और तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया जब एक युवक प्रेम प्रसंग को लेकर एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान आदित्य कुमार के रूप में हुई है, जो खरौंधी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। लड़की के आने के बाद युवक टावर से उतरा। पुलिस युवक को थाना ले गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आदित्य कुमार का मझिगवां गांव की एक लड़की के साथ प्रेम संबंध था। युवक टावर पर चढ़कर शादी कराने की मांग कर रहा था। टावर के ऊपर से वह लगातार यह कह रहा था कि अगर उसकी शादी संबंधित युवती से नहीं कराई गई तो वह टावर से कूदकर अपनी जान दे देगा। युवक की इस चेतावनी के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही खरौंधी थाने के एएसआई सुरेंद्र दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने युवक को समझाने-बुझाने का भरसक प्रयास किया। घटना के दौरान टावर के आसपास सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए घंटों मौके पर डटे रहे। इस बीच कई लोगों ने युवक की जान की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *