JHARKHAND : राज्यसभा चुनाव में हाईवोल्टेज ड्रामा, निर्दलीय प्रत्याशी नाथवानी का नामांकन वैध, कांग्रेस का हंगामा

द मीडिया टाइम्स डेस्क, 11 जून

Jharkhand News : झारखंड में दो सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव में हाईवोल्टेज ड्रामा जारी है। निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र में तकनीकी खामियों को लेकर कांग्रेस की ओर से आपत्ति जाहिर की गई। इसके बाद परिमल नाथवानी की ओर से बुधवार को रिटर्निंग ऑफिसर के पास कांग्रेस की आपत्ति के बाद जवाब दाखिल किया गया। इसके बाद उनके नामांकन को वैध करार दिया गया है। परिमल नाथवानी के उम्मीदवारी पर कांग्रेस के विधायकों का विरोध अब भी जारी है। खबर है कि झारखंड कांग्रेस के विधायक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात करने के लिए दिल्ली जाएंगे। निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवानी के नामांकन पत्र को लेकर उठे विवाद के बीच बुधवार को विधानसभा परिसर में कांग्रेस और सत्ता पक्ष के नेताओं ने जमकर हंगामा किया। कांग्रेस की ओर से अपना पक्ष रखने के लिए दिल्ली से पहुंचे वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद को रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा सुनवाई में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलने के बाद विवाद और बढ़ गया। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर रंजीत कुमार सुनवाई कर रहे थे। परिमल नथवानी की ओर से अधिवक्ताओं ने सुबह करीब 11 बजे से अपना पक्ष रखना शुरू किया। दूसरी ओर, कांग्रेस विधायक प्रणव झा की ओर से आपत्ति और तर्क रखने के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद विशेष रूप से दिल्ली से रांची पहुंचे थे। सलमान खुर्शीद दोपहर करीब 12.40 बजे विधानसभा पहुंचे, लेकिन रिटर्निंग ऑफिसर ने उन्हें सुनवाई के दौरान अपना पक्ष रखने की अनुमति नहीं दी। इस फैसले के बाद कांग्रेस नेताओं और मंत्रियों में नाराजगी फैल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *