BIHAR NEWS पटना के 7 होटल होंगे सील, 5 अस्पतालों पर भी कार्रवाई की तैयारी, फायर सेफ्टी की अनदेखी पड़ा महंगा 

 

द मीडिया टाइम्स डेस्क, 6 जून

Bihar News: राजधानी पटना में फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया गया है। अग्निशमन विभाग ने अगले पांच दिनों के भीतर सात होटलों को सील करने की तैयारी कर ली है। इसके साथ ही पांच अस्पतालों के खिलाफ भी सीलिंग की कार्रवाई के लिए स्थानीय प्रशासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है।

अग्निशमन विभाग के डीआईजी मनोज कुमार नट ने बताया कि फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा 32 अन्य अस्पतालों और 20 हॉस्टलों को नोटिस जारी किया जा रहा है। संबंधित संस्थानों को 7 से 14 दिनों के भीतर जवाब देना होगा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ भी सीलिंग की कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।

कार्रवाई की जद में आने वाले अस्पतालों में कंकड़बाग न्यू बाइपास रोड स्थित एडवांस हॉस्पिटल, अशोक नगर का सेंटर हॉस्पिटल, राजेंद्र नगर स्थित आरोग्यवर्धन अस्पताल, पिकनिक टेक्निकल हॉस्पिटल, अपेक्षा हॉस्पिटल तथा श्याम ट्रस्ट एंड रिसर्च हॉस्पिटल समेत अन्य संस्थान शामिल हैं।

डीआईजी ने कहा कि दिल्ली के एक होटल और मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में हुई अग्निकांड की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके।

खान ग्लोबल स्टडीज से जुड़े मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। जिला अग्निशमन पदाधिकारी रितेश पांडे के नेतृत्व में पूरे अभियान की मॉनिटरिंग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *