द मीडिया टाइम्स डेस्क, 6 जून
Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में अग्निकांड के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा एक्शन लिया है। अस्पताल का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है। ब्रह्मपुरा स्थित अस्पताल के आईसीयू में गुरुवार तड़के आग लग गई थी, जिसमें 6 मरीजों की मौत हो गई। पुलिस ने आईसीयू में तैनात डॉक्टर पंकज, प्रशासनिक प्रबंधक रामकुमार और मेंटेनेंस मैनेजर अजीत कुमार को शुक्रवार सुबह गिरफ्तार कर लिया।
सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार ने प्रसाद हॉस्पिटल का लाइसेंस रद्द करने का पत्र शुक्रवार को तैयार कर लिया। हालांकि, इसकी अधिसूचना शनिवार को जारी होने की उम्मीद है। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि घटना के वक्त आईसीयू में तैनात डॉक्टर पंकज ड्यूटी से गायब थे।
आग लगने के बाद एडमिन मैनेजर रामकुमार सुबह अस्पताल पहुंचे, तब तक अफरा-तफरी मच चुकी थी।
उन्होंने कहा कि अस्पताल के कर्मचारी मरीजों को छोड़कर भाग गए। मेंटेनेंस मैनेजर अजीत कुमार ने लंबे समय से आईसीयू में लगे एसी की सर्विस नहीं कराई थी। एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। हालांकि, कोर्ट में पेशी के बाद जमानतीय धारा होने कारण पुलिस ने तीनों को मुचलके पर छोड़ दिया कर दिया।
सीएस ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि अस्पताल प्रबंधन की तरफ से मरीजों की सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरती गई। जांच में पहली नजर में पाया गया है कि अस्पताल में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, जिससे लोगों की मौत हुई। अस्पताल का लाइसेंस रद्द होने के बाद अस्पताल प्रबंधक से सात दिनों के भीतर सारे दस्तावेज और स्पष्टीकरण का जवाब देने को कहा गया है।
बता दें कि 4 जून की सुबह 3:20 बजे शॉर्ट-सर्किट से आईसीयू में आग लगी थी। हादसे में छह मरीजों की मौत हुई थी और 18 मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया था।
