ED RAIDS IN VEDANTA GROUP : वेदांता ग्रुप के प्रमुख अनिल अग्रवाल के ठिकानों पर ईडी के छापे, बिहार के रहने वाले हैं अग्रवाल

 

द मीडिया टाइम्स डेस्क, 2 जून

ED Raid : वेदांता ग्रुप के प्रमुख अनिल अग्रवाल के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की है। अनिल अग्रवाल बिहार के रहने वाले हैं। वह अक्सर राज्य में उद्योग और निवेश की बात करते हैं। साथ ही बिहार की आईपीएल टीम होने को लेकर चर्चा करते हैं। हाल ही में अग्रवाल ने इस संबंध में बिहार के मुख्यमंत्री से मुलाकात भी की थी।

जानकारी के अनुसार ED ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) से जुड़े मामले में वेदांता समूह के कई ठिकानों पर छापेमारी की है। ईडी की टीम विदेशी लेनदेन और वित्तीय गतिविधियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा नियमों के संभावित उल्लंघन को लेकर की जा रही है। जांच एजेंसी कंपनी के वित्तीय रिकॉर्ड, निवेश और विदेशों में हुए लेनदेन की पड़ताल में जुटी है। वेदांता ग्रुप की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कंपनी संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है और मांगी गई सभी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। कंपनी ने कहा कि वह सभी नियमों और कानूनों के अनुपालन के लिए प्रतिबद्ध है। गौरतलब है कि वेदांता देश की बड़ी खनन और धातु कंपनियों में शामिल है। कंपनी एल्युमिनियम और जिंक उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी मानी जाती है, जबकि कच्चे तेल के उत्पादन में भी उसकी अहम हिस्सेदारी है। समूह ने आने वाले वर्षों में भारत में बड़े निवेश की योजनाओं का भी ऐलान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *