द मीडिया टाइम्स,31 मई
Land dispute in Gopalganj : बिहार के गोपालगंज के कुचायकोट थाना क्षेत्र में दर्ज जमीन विवाद और कथित अवैध कब्जे के मामले की जांच राज्य सरकार ने सीआईडी को सौंप दी है। मामले में जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय, उनके भाई और अन्य लोगों के नाम सामने आये हैं। वहीं सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल आरोपी पक्ष को अंतरिम राहत देते हुए दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगा दी है। कुचायकोट थाना क्षेत्र में दर्ज एक हाई-प्रोफाइल और गंभीर आपराधिक मामले की जांच अब अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) को सौंप दी गई है। बिहार सरकार ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसे आगे की जांच के लिए सीआईडी के हवाले करने का फैसला लिया है। इस मामले में सत्ताधारी दल जदयू के कुचायकोट विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय, उनके भाई सतीश पांडेय और चार्टर्ड अकाउंटेंट राहुल तिवारी समेत कई अन्य लोगों के नाम शामिल हैं। सीआईडी को जांच मिलने के बाद इलाके में सरगर्मी तेज हो गई है। एक तरफ जहां मामले की जांच का जिम्मा सीआईडी को सौंपा गया है, वहीं दूसरी ओर इस मामले में सुप्रीम कोर्ट से आरोपी पक्ष को फिलहाल राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान फिलहाल किसी भी प्रकार की दंडात्मक या दबावपूर्ण कार्रवाई पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही शीर्ष अदालत ने पटना हाई कोर्ट को सुझाव दिया है कि इस मामले से जुड़ी प्राथमिकी को रद्द करने की याचिका पर प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई कर जल्द निर्णय लिया जाए।
