द मीडिया टाइम्स,31 मई
BJP national President : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 6 जून से दो दिवसीय दौरे पर झारखंड आयेंगे। नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद झारखंड का यह पहला दौरा होगा। भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का आगामी 6 व 7 जून को झारखंड दौरा तय हो गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका राज्य में पहला दौरा है। उन्होंने कहा कि इन दो दिनों में कई कार्यक्रमों और सांगठनिक बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष हिस्सा लेंगे। बाउरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष 6 जून को सुबह 11.30 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां पार्टी के कार्यकर्ताओं के द्वारा उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा। इसके बाद एयरपोर्ट के समीप ही उनका वृक्षारोपण का कार्यक्रम है। इसके बाद भारत रत्न स्व.कर्पूरी ठाकुर, धरती आबा बिरसा मुंडा, स्व. कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। फिर उनका आगमन भाजपा प्रदेश कार्यालय में होगा। इसी दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे।
वहीं राज्यसभा के दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव के बीच भाजपा अध्यक्ष का झारखंड दौरा अहम माना जा रहा है। इस दौरान पार्टी के प्रदेश स्तरीय आला नेताओं के साथ नितिन नवीन रणनीति भी बनाते नजर आयेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के 7 जून के प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के कूचू, ओरमांझी स्थित आवास पर उनका नाश्ते का कार्यक्रम है। उसी दिन ही राष्ट्रीय अध्यक्ष आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रदेश महामंत्री ने बताया कि इसके अलावा कई सांगठनिक बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम प्रस्तावित है। सात जून को रात में राष्ट्रीय अध्यक्ष दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
