WEATHER : बिहार के 19 जिलों में येलो अलर्ट, 24 से 48 घंटों में तेज बारिश के साथ ठनका गिरने की आशंका, एहतियात बरतने की सलाह

द मीडिया टाइम्स डेस्क, 31 मई

 

Bihar weather : बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के 19 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की नसीहत दी है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटों के दौरान कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इन जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अचानक बदलते मौसम के कारण जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है। खासकर किसानों, खुले स्थानों पर काम करने वाले मजदूरों और यात्रियों को अतिरिक्त एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बिहार इस वक्त प्री-मानसून सीजन से गुजर रहा है। यही वजह है कि दिन में तेज धूप और तपिश महसूस हो रही है, लेकिन दोपहर बाद मौसम अचानक करवट ले रहा है। आसमान में काले बादल छा रहे हैं और तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो जा रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बनने वाले मौसमी सिस्टम और मानसून की रफ्तार आगे के मौसम को तय करेंगे।जिन 19 जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है उनमें पटना, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय शामिल हैं। इन जिलों में रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *