सुशील मोदी की स्मृति में मुजफ्फरपुर में ‘स्मरणांजलि सभा’, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दी श्रद्धांजलि

सुशील मोदी की स्मृति में मुजफ्फरपुर में ‘स्मरणांजलि सभा’, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दी श्रद्धांजलि

द मीडिया टाइम्स डेस्क

पटना, 21 मई : बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी की स्मृति में मुजफ्फरपुर में आयोजित ‘स्मरणांजलि सभा’ में बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने स्व. सुशील मोदी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें सादगी, शुचिता, ईमानदारी और संघर्ष का प्रतीक बताया।

सभा को संबोधित करते हुए संजय सरावगी ने कहा कि सुशील मोदी ने छात्र जीवन से ही संघर्ष का रास्ता चुना था। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से संगठनात्मक जीवन की शुरुआत करने वाले सुशील मोदी ने आपातकाल के दौरान 19 महीने जेल में रहकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि बड़े पदों पर रहने के बावजूद उनका जीवन बेहद सादा और पारदर्शी रहा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजनीति में ईमानदारी का सबसे बड़ा उदाहरण यदि किसी नेता को माना जाएगा तो उसमें सुशील कुमार मोदी का नाम प्रमुखता से लिया जाएगा। उन्होंने पशुपालन घोटाले को उजागर कर बिहार में जंगलराज के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया और जनसेवा को हमेशा प्राथमिकता दी।

संजय सरावगी ने कहा कि बिहार में भाजपा संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने में सुशील मोदी की ऐतिहासिक भूमिका रही। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी के नेताओं को तैयार करने का काम किया। सरावगी ने उन्हें भाजपा संगठन का “वास्तविक डाटा बैंक” बताते हुए कहा कि उन्हें बिहार के हर जिले और कार्यकर्ता की विस्तृत जानकारी रहती थी।

कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, पूर्व मंत्री मंगल पांडेय, मंत्री राम कृपाल यादव, मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता , पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी समेत कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *