द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 10 मई | बिहार कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से “संगठन सृजन साथी अभियान” के तहत राज्य के 53 सांगठनिक जिलों के लिए 155 नेताओं की जिला ऑब्जर्वर सूची जारी की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के निर्देशन में जारी इस सूची को संगठन विस्तार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस कमिटी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य जिला स्तर पर संगठन को और सक्रिय बनाना, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाना और पार्टी की गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाना है। इसके लिए विभिन्न जिलों में अनुभवी और सक्रिय नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने बताया कि सूची में कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है, जिनके ऊपर संगठन सृजन साथी अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी रहेगी। उन्होंने कहा, “पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। जिला ऑब्जर्वर कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर संगठन को नई ऊर्जा देने का काम करेंगे।”
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन ऑब्जर्वरों की जिम्मेदारी संबंधित जिलों में संगठन की स्थिति की समीक्षा करना, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ना और पार्टी की विचारधारा को मजबूत तरीके से लोगों तक पहुंचाना होगा। साथ ही जिला इकाइयों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बिहार कांग्रेस आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक स्तर पर अपनी तैयारी मजबूत करने में जुटी हुई है। इसी रणनीति के तहत बड़ी संख्या में नेताओं को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय किया जा सके।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि संगठन सृजन साथी अभियान के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आएगा और आने वाले समय में कांग्रेस राज्य की राजनीति में और मजबूती के साथ अपनी भूमिका निभाएगी।
