द मीडिया टाइम्स
पटना, 22 मई : पटना के प्रतिष्ठित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में गुरुवार की रात को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मेडिकल छात्रों को हिरासत में ले लिया, जिसके बाद पूरे अस्पताल में भारी बवाल मच गया। शास्त्री नगर थाना पुलिस ने गुरुवार को जूनियर इंजीनियर के साथ हुई मारपीट के मामले में यह कदम उठाया। इसके विरोध में जूनियर डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों ने शुक्रवार सुबह संस्थान की ओपीडी सेवा को पूरी तरह ठप कर दिया। छात्रों ने ओपीडी में मरीजों का रजिस्ट्रेशन रोक दिया, जिससे दूर-दराज से आए सैकड़ों मरीजों को बिना इलाज के लौटना पड़ा।
शास्त्रीनगर पुलिस गुरुवार की रात करीब दो बजे आईजीआईएमएस परिसर पहुंची। पुलिस ने जूनियर इंजीनियर रिशु मिश्रा और उनके पिता पर हुए हमले के आरोप में एमबीबीएस छात्र शौर्य और सुजीत कुमार को हिरासत में ले लिया। पुलिस की इस अचानक हुई छापेमारी की खबर जैसे ही हॉस्टल में फैली, वैसे ही मेडिकल छात्र एकजुट होने लगे। रात में ही परिसर के भीतर माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने बिना किसी पुख्ता वारंट और संस्थान प्रशासन को उचित सूचना दिए बिना यह कार्रवाई की है।
सुबह होते ही नाराज मेडिकल छात्रों ने ओपीडी के मुख्य काउंटरों को घेर लिया। छात्रों ने ओपीडी की पर्ची कटने वाले काउंटरों पर ताला जड़ दिया और कामकाज ठप करा दिया। इसके कारण सुबह से ही लाइन में खड़े मरीजों और उनके तीमारदारों के बीच अफरातफरी मच गई। हंगामे के चलते पहले से तय कई महत्वपूर्ण ऑपरेशन टालने पड़े।
