PATNA PMCH FIRE : पीएमसीएच का माइक्रोबायोलाजी विभाग धू-धूकर जला, लाखों का नुकसान, जनहानि नहीं

द मीडिया टाइम्स डेस्क, 1 जून

Bihar news : बिहार के सबसे बड़े अस्पताल पटना मेडिकल कालेज एंड हास्पिटल (PMCH) के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में सोमवार दोपहर को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के वक्त विभाग में परीक्षा चल रही थी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते विभाग में रखीं मशीनें, जरूरी सामान और दस्तावेज जल कर राख हो गये। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना जतायी जा रही है । जिला फायर कमांडेंट रितेश पांडेय ने बताया कि आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम को दोपहर 2.10 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही तुरंत पांच दमकल की गाड़ियां भेजी गयीं । फिलहाल आग को पूरी तरह बुझा लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच करायी जायेगी । बताया जाता है कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय विभाग में दो शिफ्टों में परीक्षा चल रही थी। परीक्षा लगभग खत्म होने पर थी और सभी लोग बाहर निकलने की तैयारी में थे। इसी दौरान अचानक पूरा विभाग काले धुएं से भर गया और आग की तेज लपटें निकलने लगीं । स्थिति को भांपते हुए बिजली की सप्लाई को तुरंत बंद किया गया, लेकिन तब तक आग पूरे विभाग में फैल चुकी थी। इस हादसे में वहां रखे कीमती उपकरण, फर्नीचर व अन्य दस्तावेज जल कर खाक हो गये, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *