मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया राजगीर मलमास मेला का शुभारंभ

द मीडिया टाइम्स डेस्क
राजगीर, 17 मई : बिहार की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक नगरी राजगीर में आज बहुप्रतीक्षित मलमास मेला 2026 का भव्य शुभारंभ बिहार के माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह में कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, धार्मिक संत एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मेले के शुभारंभ के साथ ही पूरे राजगीर क्षेत्र में उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मलमास मेला बिहार की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक है। यह मेला केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि बिहार की समृद्ध परंपरा, संस्कृति और पर्यटन को भी नई पहचान देता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं कर रही है, ताकि देश-विदेश से आने वाले लोगों को बेहतर अनुभव मिल सके।
इस अवसर पर पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, स्वास्थ्य सेवा और आवास की विशेष व्यवस्था की गई है। मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोक कला एवं स्थानीय हस्तशिल्प की भी विशेष झलक देखने को मिलेगी।
मलमास मेला का धार्मिक महत्व अत्यंत विशेष माना जाता है। मान्यता है कि मलमास के दौरान राजगीर ब्रह्मकुंड सहित विभिन्न कुंडों में स्नान एवं पूजा-अर्चना करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। यही कारण है कि हर वर्ष लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
राज्य सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे राजगीर पहुंचकर इस ऐतिहासिक मेले का हिस्सा बनें और बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अनुभव करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *