द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 16 मई : स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत सिटीजन फीडबैक देने में पटना ने देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। अब तक करीब 4.49 लाख पटनावासियों ने ऑनलाइन फीडबैक दर्ज कराया है। इस सूची में इंदौर पहले और लखनऊ तीसरे स्थान पर है।
पटना नगर निगम द्वारा नागरिकों को जागरूक करने के लिए 13 विशेष टीमें बनाई गई हैं, जो रेलवे स्टेशन, पार्क, मॉल, स्लम बस्तियों, कोचिंग हब और प्रमुख चौक-चौराहों पर जाकर लोगों को फीडबैक देने के लिए प्रेरित कर रही हैं। बोरिंग रोड, मुसल्लाहपुर हाट, बाजार समिति और अशोक राजपथ के कोचिंग संस्थानों में छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सर्वेक्षण के तहत नागरिकों से शहर की सफाई, कचरा उठाव, सूखा-गीला कचरा अलग करने, सार्वजनिक शौचालय, सफाई व्यवस्था और शिकायत निवारण से जुड़े 13 सवाल पूछे जा रहे हैं। नागरिक cf.sbmurban.org पोर्टल पर मोबाइल नंबर के जरिए लॉग इन कर अपना फीडबैक दे सकते हैं।
स्वच्छ सर्वेक्षण में कुल 12,500 अंकों के आधार पर मूल्यांकन होगा, जिसमें सिटीजन फीडबैक के लिए 1,000 अंक निर्धारित हैं। पटना नगर निगम ने लोगों से शहर को स्वच्छ रखने, कचरा अलग-अलग रखने और सफाई संबंधी शिकायतें टोल फ्री नंबर 155304 एवं व्हाट्सएप चैटबॉट 9264447449 पर दर्ज कराने की अपील की है।
