प्रधान शिक्षकों के एरियर और नियोजित शिक्षकों के वेतन भुगतान की मांग तेज

द मीडिया टाइम्स डेस्क

पटना, 13 मई : बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने प्रधान शिक्षकों के लंबित एरियर और नियोजित शिक्षकों के बकाया वेतन भुगतान को लेकर सरकार के समक्ष जोरदार मांग उठाई है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष जयराम शर्मा एवं प्रदेश महासचिव दिनेश कुमार सिंह ने बुधवार को शिक्षा मंत्री और शिक्षा विभाग के निदेशक को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की आर्थिक समस्याओं से अवगत कराया।

संघ नेताओं ने बताया कि बिहार में प्रधान शिक्षकों के योगदान किए लगभग दस माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उनके विशिष्ट शिक्षक काल का एरियर भुगतान नहीं किया गया है। वहीं मार्च 2026 से अधिकांश जिलों में नियोजित शिक्षकों का वेतन भी लंबित है, जिससे शिक्षकों की आर्थिक स्थिति गंभीर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि वेतन नहीं मिलने के कारण शिक्षकों को परिवार चलाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

संघ ने मांग की है कि प्रधान शिक्षकों समेत सभी कोटि के शिक्षकों की बकाया राशि और नियोजित शिक्षकों के वेतन का भुगतान अविलंब किया जाए। प्रदेश सचिव आनंद मिश्रा ने कहा कि अधिकांश जिलों में विशिष्ट शिक्षकों का एरियर अब तक नहीं मिला है, जबकि प्रधान शिक्षकों को कहीं भी एरियर भुगतान नहीं हुआ है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।

उन्होंने कहा कि अल्प वेतन पाने वाले शिक्षकों के वेतन और एरियर में लगातार हो रही देरी से शिक्षकों में निराशा बढ़ रही है। संघ ने सरकार से शिक्षकों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि शिक्षकों में सरकार के प्रति सकारात्मक माहौल बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *