माँ के सम्मान में सजा टेंडर हार्ट्स स्कूल, मातृ दिवस पर बच्चों ने बांधा भावनाओं का सुंदर रंग

निशात अहमद

पटना, 8 मई : टेंडर हार्ट्स इंटरनेशनल विद्यालय में शुक्रवार को मातृ दिवस बड़े ही उत्साह, प्रेम और भावनात्मक माहौल के बीच मनाया गया। पूरे विद्यालय परिसर में खुशी, सम्मान और अपनापन का माहौल देखने को मिला। इस खास अवसर पर बच्चों ने अपनी माताओं को गुलाब का फूल देकर उनका स्वागत किया और उनके प्रति अपना प्यार व सम्मान व्यक्त किया।

कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत मधुर गीतों और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से हुई। बच्चों ने भाषण, गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से माँ के त्याग, प्रेम और समर्पण को बेहद सुंदर तरीके से प्रस्तुत किया। कई बच्चों ने मंच से अपनी माताओं के लिए दिल छू लेने वाली बातें कहीं, जिसे सुनकर वहां मौजूद माताएँ भावुक हो गईं।

विद्यालय में माताओं के लिए कई रोचक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इनमें सर्वश्रेष्ठ परिधान, सर्वश्रेष्ठ देखभाल करने वाली माता, लोरी गायन, कहानी वाचन और मिमिक्री प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रहे। विजेता माताओं को विद्यालय प्रबंधन की ओर से सम्मानित किया गया।

सर्वश्रेष्ठ देखभाल करने वाली माता का सम्मान मॉन्ट-I की छात्रा उर्वी की माता वीणा देवी, रियांश रंजन की माता प्रीती माथुर, अदिति किशन की माता निशा रानी और माधवी की माता प्रियंका कुमारी को दिया गया। वहीं आयुष्मान, अविशाल और अभ्यांश ने लोरी गायन से सभी का मन मोह लिया। शौर्य की माता रूपम रानी ने गीत प्रस्तुति से खूब सराहना बटोरी, जबकि त्रिशा सोनी की माता कुसुम कुमारी ने मिमिक्री प्रतियोगिता में सभी को हंसने पर मजबूर कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान काव्या श्री, रिद्धिमा, आरव अभि, आराध्या, आयुष्मान परमार, अनन्या पटेल, युवराज, आर्यन राज और सदफ नाज़ समेत कई बच्चों ने अपनी माताओं के सम्मान में भाषण और गीत प्रस्तुत किए। वहीं सार्थक, छाया, अंशुली, वैष्णवी, लक्ष्मी कुमारी और रीती श्री सहित कई बच्चों ने अपनी माताओं के लिए आकर्षक और भावनात्मक कार्ड बनाकर सभी का दिल जीत लिया।

विद्यालय के निदेशक लायन राजीव भार्गव और प्राचार्या लायन शिवानी भार्गव ने विजेता माताओं और बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि माँ बच्चे की पहली गुरु होती है और मातृ दिवस हमें उनके प्रेम, त्याग और समर्पण के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर देता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी माताओं और बच्चों को सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। मातृ प्रेम और अपनापन से भरा यह आयोजन सभी के लिए यादगार बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *