- द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 26 मई : केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने पुलिस बहाली को लेकर विज्ञापन संख्या 02/2026 के तहत आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा की तिथि में बदलाव कर दिया है। पहले यह परीक्षा 21 जून को आयोजित होने वाली थी, लेकिन उसी दिन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा NEET (UG) परीक्षा आयोजित किए जाने के कारण अब नई तारीख घोषित की गई है। यह परीक्षा विज्ञापन संख्या 02/2026 के तहत बिहार पुलिस दूरसंचार (वितंतु) एवं तकनीकी अधीनस्थ संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) के 993 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जा रही है।सीएसबीसी की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार अब यह परीक्षा 28 जून (रविवार) को आयोजित की जाएगी। परीक्षा एक ही पाली में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक होगी, जबकि अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग टाइम सुबह 10 बजे से 11 बजे तक निर्धारित किया गया है। पर्षद ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा को ध्यान में रखते हुए अभ्यर्थियों के व्यापक हित में परीक्षा तिथि में परिवर्तन किया गया है।
अभ्यर्थी 15 जून से सीएसबीसी की आधिकारिक वेबसाइट से परीक्षा तिथि और परीक्षा केंद्र जिले की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। वहीं ई-एडमिट कार्ड 22 जून से डाउनलोड किए जा सकेंगे।
