पूर्व सांसद के गयाजी स्थित आवास पर छापेमारी, 50 लाख रूपये की नकली दवा बरामद, महिला सहित दो गिरफ्तार

 

द मीडिया टाइम्स डेस्क
गयाजी/ पटना : गयाजी में सोमवार की सुबह ड्रग विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के पीपरपाती मोहल्ले में पूर्व सांसद रंजीत सिंह उर्फ रंग के मकान में सुबह सुबह पुलिस की छापेमारी की गई है। जानकारी अनुसार पूर्व सांसद रंजीत सिंह के घर के किराएदार के कमरे में ड्रग विभाग की रेड हुई। छापेमारी में करीब 50 लाख रुपये मूल्य की नकली दवाइयां बरामद की गई हैं। कार्रवाई ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
इस मामले में एक महिला समेत नकली दवा कारोबार से जुड़े विकास कुमार को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली और संदिग्ध दवाएं बरामद हुईं। पुलिस और ड्रग विभाग की टीम पूरे मकान में जांच-पड़ताल कर रही है। अधिकारियों द्वारा बरामद दवाओं की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि नकली दवाओं का नेटवर्क कहां-कहां तक फैला हुआ है।
सुबह सुबह जानकारी सामने आई कि, कोतवाली थाना इलाके के न्यू एरिया पीपरपांती मोहल्ले में पूर्व सांसद रंजीत उर्फ रंग सिंह के आवास स्थित मत्स्य विभाग के कार्यालय आवासन स्थल में जिला पुलिस ने बड़ी छापेमारी की है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली और नशीली दवाओं के साथ दवा बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल बरामद होने की सूचना है। कार्रवाई के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
सूत्रों के अनुसार भवन के नीचे पशुपालन और मत्स्य विभाग का कार्यालय संचालित होता है, जबकि ऊपरी हिस्से में ताला बंद कमरे में यह अवैध कारोबार चलाया जा रहा था। पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की टीम को यहां से दवा पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और कई संदिग्ध सामग्री भी मिली है। कई थानों की पुलिस और ड्रग विभाग की टीम मौके पर जांच-पड़ताल में जुटी थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है। जांच के बाद नकली और नशीली दवाओं के नेटवर्क से जुड़े बड़े खुलासे हो सकते हैं।
सहायक औषधि नियंत्रक विजय कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें भारी मात्रा में नशे से संबंधित दवाएं बरामद हुई हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्त ने बताया है कि दवाएं देवघर से लाकर यहां स्टोर की जाती थीं। उन्होंने कहा कि जांच अभी जारी है, इसलिए फिलहाल सभी नामों का खुलासा नहीं किया जा सकता.
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस अवैध दवा कारोबार का नेटवर्क गया समेत अन्य जिलों तक फैला हुआ है या नहीं। मामले में जल्द बड़ा खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है। बताया जाता है कि यह मकान पूर्व सांसद रंजीत सिंह उर्फ रंग सिंह का है, जो वर्ष 1980 में झारखंड के चतरा से कांग्रेस के टिकट पर सांसद चुने गए थे। उनका कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है, उनके घर में आरोपित कारोबार कर रहा था।

BIHAR : मोकामा विधायक अनंत सिंह को वायरल वीडियो मामले में राहत, अगली सुनवाई 29 मई तक गिरफ्तारी पर रोक

द मीडिया टाइम्स डेस्क :

पटना, 25 मई : मोकामा विधायक अनंत सिंह को गोपालगंज कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। वायरल वीडियो मामले में अदालत ने अगली सुनवाई तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई 29 मई को होगी। वीडियो में हथियार प्रदर्शन और अभद्रता के आरोप लगे थे। मोकामा विधायक अनंत सिंह को यह राहत गोपालगंज व्यवहार न्यायालय ने दी है। अदालत ने वायरल वीडियो मामले में अगली सुनवाई तक उनकी गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई अब 29 मई को होगी। कोर्ट के इस फैसले के बाद विधायक और उनके समर्थकों में राहत का माहौल है। यह मामला गत 2 मई को सामने आया था। गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमरा गांव का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन और अश्लील गानों पर अभद्र व्यवहार किये जाने का आरोप लगा था। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। मीरगंज थाना पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। इस केस में मोकामा विधायक अनंत सिंह को भी नामजद आरोपी बनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *