दिल्ली में मौसम का मिजाज बदला, गरज के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

द मीडिया टाइम्स डेस्क 

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। शनिवार को दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है क्योंकि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गरज के साथ हल्की बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।

आईएमडी ने ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है, जिसका मतलब है कि लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। खासकर खुले इलाकों में बिजली गिरने की संभावना के चलते लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं के कारण पेड़ या कच्चे ढांचे गिरने का खतरा भी बना रह सकता है। इसलिए नागरिकों से अपील की गई है कि वे मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।

बारिश और तेज हवाओं से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी सुधार की उम्मीद जताई जा रही है, जो पिछले कुछ दिनों से ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई थी। साथ ही तापमान में भी थोड़ी गिरावट आ सकती है जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग ने कहा है कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुआ है जो उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर सक्रिय है। अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *