द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 27 मई : बिहार पुलिस अकादमी में आयोजित 69वें दीक्षांत समारोह के दौरान बिहार पुलिस सेवा को 19 नए डीएसपी अधिकारियों की मजबूत टुकड़ी मिली है। एक वर्ष के कठिन और चुनौतीपूर्ण प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद इन प्रशिक्षु अधिकारियों की पासिंग आउट परेड धूमधाम से संपन्न हुई।

समारोह में उत्साह, अनुशासन और गौरव का अनुपम माहौल देखने को मिला। परेड के दौरान अधिकारियों ने अपनी शानदार मार्च पास्ट और ड्रिल का प्रदर्शन किया, जिसने उपस्थित गणमान्य अतिथियों और परिजनों का मन मोह लिया। कुल 19 नए डीएसपी में 14 पुरुष प्रशिक्षु और 5 महिला प्रशिक्षु शामिल हैं। सभी अब आधिकारिक रूप से बिहार पुलिस सेवा में अपनी जिम्मेदारियां संभालने के लिए कदम बढ़ा दिया है।
यह नए अधिकारियों की नियुक्ति राज्य की कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।बिहार पुलिस अकादमी के इस दीक्षांत समारोह को सफल बनाने के लिए पूरी टीम ने बेहतरीन तैयारी की थी। नवनिर्वाचित डीएसपी अधिकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी जा रही हैं।समारोह के मुख्य अतिथि बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार रहे। उन्होंने परेड की सलामी ली और सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को गोपनीयता तथा पद की शपथ दिलाई। डीजीपी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में पुलिसिंग का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और तकनीक आधारित अपराध लगातार नई चुनौतियां पेश कर रहे हैं।
