पटना विश्वविद्यालय की सीनेट बैठक में हंगामा, छात्रों ने एमएलसी नीरज कुमार को घेरा

द मीडिया टाइम्स डेस्क

पटना, 23 मई : पटना में शनिवार को पटना विश्वविद्यालय की सीनेट बैठक के दौरान बड़ा हंगामा देखने को मिला। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन यानी AISA के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र और छात्राएं प्रदर्शन करने पहुंचे। सीनेट बैठक से बाहर निकले विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार को भी छात्रों के विरोध का सामना करना पड़ा। छात्रों ने उन्हें घेर लिया और अपनी मांगों पर जवाब मांगा। नीरज ने कहा कि यूनिवर्सिटी प्रशासन और छात्रों के बीच संवाद की कमी साफ दिख रही है। उन्होंने बताया कि सीनेट बैठक में कुलपति से छात्रों से बातचीत करने का आग्रह किया गया है।

सीनेट की बैठक को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मामला उस समय और गरमा गया जब पुलिस ने छात्रों को कैंपस से बाहर कर यूनिवर्सिटी गेट पर ताला लगा दिया। इसके बाद छात्रों ने गेट पर चढ़कर नारेबाजी शुरू कर दी और कुछ देर बाद ताला तोड़कर कैंपस के अंदर घुस गए। इस पूरे घटनाक्रम के बीच जयप्रकाश नारायण सभागार में चल रही सीनेट की वार्षिक बैठक में 535 करोड़ रुपए का बजट भी पास कर दिया गया।

सीनेट की बैठक को लेकर प्रशासन पहले से अलर्ट था। यूनिवर्सिटी गेट पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। AISA से जुड़े छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। छात्रों का आरोप था कि यूनिवर्सिटी प्रशासन उनकी बात सुनने के बजाय पुलिस के जरिए दबाव बना रहा है। छात्र अपनी समस्याओं को लेकर कुलपति से मिलने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें यूनिवर्सिटी में प्रवेश नहीं दिया गया। छात्रों की मांग है कि सीनेट बजट में छात्र हितों के लिए राशि तय की जाए। फीस वृद्धि पर रोक लगे और कैंपस में पुलिस की दखलंदाजी कम हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *