मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 20 मई : पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा से दर्जनों स्कूली बच्चों के बीमार होने की खबर सामने आयी है। यह घटना नगरनौसा प्रखंड के मध्य विद्यालय कैला की है। इस स्कूल हर दिन की तरह बुधवार को भी बच्चों को मिड-डे मील दिया गया। मिड डे मील खाने के बाद एक-एक कर बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। करीब 60 छात्र-छात्राओं में अचानक पेट दर्द, उल्टी और चक्कर जैसी शिकायतें देखने को मिली। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनकी स्थिति खतरे के बाहर बताई गई है। प्रत्याशियों के मुताबिक बीमार बच्चों में कई बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी बच्चों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) नगरनौसा और चंडी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से बीमार एक छात्रा को बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर किया गया है। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में बच्चों के परिजनों की भारी भीड़ जुट गई। स्कूल के एक छात्र ने बताया कि मिड-डे मील में चावल और चने की सब्जी मिली थी। बच्चों ने बताया कि रोजाना की तरह आज भी भोजन परोसने से पहले शिक्षकों ने भोजन नहीं चखा था। इस घटना के बाद एक शिक्षक ने भोजन चखा, उन्हें भी चक्कर आने लगा। शिक्षक को भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
