बिहार के शहरी और औद्योगिक क्षेत्रों में जैव विविधता संरक्षण पर विशेषज्ञों ने किया मंथन 

द मीडिया टाइम्स डेस्क

पटना, 20 मई : बिहार राज्य जैव विविधता बोर्ड (बीएसबीबी) और चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान, पटना (सीआईएमपी) के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को “बिहार के शहरी एवं औद्योगिक परिदृश्यों में जैव विविधता” विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की गई। सीआईएमपी परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में नीति-निर्माताओं, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, शहरी योजनाकारों और विभिन्न हितधारकों ने भाग लेकर तेजी से विकसित हो रहे शहरी एवं औद्योगिक क्षेत्रों में जैव विविधता संरक्षण के उपायों पर विस्तृत चर्चा की।

कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में सीआईएमपी के निदेशक प्रो. (डॉ.) राणा सिंह, बिहार राज्य जैव विविधता बोर्ड के अध्यक्ष भारत ज्योति, सचिव अमित कुमार और एनएचएआई के सलाहकार सुरेंद्र कुमार मौजूद रहे। वक्ताओं ने विकास और पर्यावरणीय संतुलन के बीच सामंजस्य बनाए रखने, शहरी क्षेत्रों में हरित एवं जल क्षेत्रों के संरक्षण तथा विभागीय समन्वय को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

तकनीकी सत्र-I में बोर्ड के अध्यक्ष भारत ज्योति ने “शहरी एवं औद्योगिक परिदृश्यों के लिए जैव विविधता रणनीति एवं कार्ययोजना” विषय पर प्रस्तुति दी। उन्होंने जल निकायों के संरक्षण, देशज प्रजातियों के संवर्धन और जैव विविधता-संवेदी शहरी विकास की जरूरत बताई।

इसके बाद सीआईएमपी के डॉ. नितीश निगम और प्रो. (डॉ.) सिबानंद सेनापति ने पटना शहरी समूह में जैव विविधता प्रबंधन के प्रशासनिक पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने मियावाकी वन, रूफटॉप गार्डनिंग और शहर-विशिष्ट जैव विविधता कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया।दोपहर बाद हुए तकनीकी सत्र-II में पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, आरा-बक्सर और बिहार शरीफ सहित विभिन्न शहरों की पारिस्थितिकीय चुनौतियों एवं सतत शहरी विकास पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यशाला का समापन शहरी विकास योजनाओं में जैव विविधता संरक्षण को शामिल करने के सुझावों के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *