बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 19 आईएएस की जिम्मेदारियों में बदलाव, मयंक वरवड़े पटना के आयुक्त बने

द मीडिया टाइम्स डेस्क

पटना, 16 मई। बिहार सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 19 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और प्रभार में बदलाव किए गए हैं।
इस फेरबदल में वर्ष 2001 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी मयंक वरवड़े को एक बार फिर पटना प्रमंडल का आयुक्त नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे योजना एवं विकास विभाग में प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत थे। सरकार ने उन्हें जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा है।
राजधानी पटना के प्रशासनिक दृष्टिकोण से इस नियुक्ति को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार ने उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी है।
अधिसूचना में कई अन्य विभागों में भी बदलाव किए गए हैं, जिनमें विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव स्तर के अधिकारियों के प्रभार बदले गए हैं। सरकार का मानना है कि इस फेरबदल से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर समन्वय स्थापित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *