चैंपियन बना बसावन पार्क क्रिकेट एकेडमी, हिमांशु बने हीरो

द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 14 मई : राजेंद्रनगर स्थित वाईसीसी क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित सुशील मोदी मेमोरियल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-2 के फाइनल मुकाबले में बसावन पार्क क्रिकेट एकेडमी ने डोनो पोलो स्कूल को 31 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बसावन पार्क क्रिकेट एकेडमी की टीम ने सभी विकेट खोकर 146 रन बनाए। टीम की ओर से विराज सिंह ने 20 रन, कप्तान रोहन सिंह ने 24 रन और शुभम शर्मा ने 10 रन का योगदान दिया, जबकि अतिरिक्त के रूप में 57 रन मिले। डोनो पोलो स्कूल की ओर से प्रियांशु ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए, जबकि आदित्य राज को एक विकेट मिला।
147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डोनो पोलो स्कूल की पूरी टीम 115 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से प्रिंस यादव ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। इसके अलावा साक्षी ने 14 रन और कप्तान वेद नारायण ने 19 रन का योगदान दिया।
बसावन पार्क क्रिकेट एकेडमी की ओर से हिमांशु कुमार ने बेहतरीन लेग स्पिन गेंदबाजी करते हुए 5 ओवर में 33 रन देकर चार विकेट झटके। वहीं रोहन सिंह, कार्तिक चौधरी और शुभम शर्मा ने एक-एक विकेट प्राप्त किए।
मैच समाप्ति के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में पूर्व विधायक अरुण कुमार सिन्हा, उपमहापौर रेशमी चन्द्रवंशी, पूर्व रणजी खिलाड़ी आशीष सिन्हा, टूर्नामेंट आयोजक रंजीत कुमार सिंह, क्रिकेट कोच अजीत सिंह एवं राहुल जी मौजूद रहे।
फाइनल मुकाबले के हीरो रहे हिमांशु कुमार ने अपनी घातक लेग स्पिन गेंदबाजी से विपक्षी टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *