बिहार उपचुनाव में बदला समीकरण: तेजस्वी की वापसी के संकेत !

द मीडिया टाइम्स डेस्क

पटना, 14 मई : भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने बड़ी जीत दर्ज की है। आरजेडी उम्मीदवार सोनू राय ने जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के कन्हैया प्रसाद को करारी शिकस्त देकर सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। आरा के राजकीय कन्या 10+2 उच्च विद्यालय में गुरुवार को हुई मतगणना में सोनू राय की जीत तय होते ही आरजेडी कार्यकर्ताओं में जश्न शुरू हो गया।

यह जीत तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाली आरजेडी के लिए काफी अहम मानी जा रही है। 2025 विधानसभा चुनाव में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने के बाद इस उपचुनाव ने पार्टी में नई ऊर्जा भर दी है। खास बात यह रही कि आरजेडी ने सत्ताधारी गठबंधन के मजबूत माने जाने वाले क्षेत्र में जीत हासिल कर आगामी चुनावों के लिए अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं।

चुनाव में दोनों प्रमुख दलों ने राजनीतिक परिवारों पर दांव लगाया था। जेडीयू ने पूर्व एमएलसी राधाचरण साह के बेटे कन्हैया प्रसाद को उम्मीदवार बनाया था, जबकि आरजेडी ने पूर्व एमएलसी लाल दास राय के बेटे सोनू राय को मैदान में उतारा। कड़े मुकाबले के बाद आखिरकार सोनू राय जीत दर्ज करने में सफल रहे।

मतगणना के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। आरा शहर में भारी पुलिस बल की तैनाती रही और शांतिपूर्ण तरीके से वोटों की गिनती पूरी कराई गई।

इस उपचुनाव में रिकॉर्ड मतदान भी चर्चा का विषय बना। कुल 97.96 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। भोजपुर जिले में 98.26 प्रतिशत और बक्सर जिले में 97.48 प्रतिशत मतदान हुआ। पुरुषों और महिलाओं दोनों में मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। भारी मतदान के बाद से ही राजनीतिक जानकार बड़े बदलाव के संकेत मान रहे थे, जो अब नतीजों में भी साफ दिखाई दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *