रांची। झारखंड की राजधानी रांची में नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। मेयर पद के लिए मैदान में उतरे उम्मीदवारों ने नामांकन के साथ चुनाव आयोग के समक्ष अपने-अपने शपथ पत्र दाखिल कर दिए हैं। इन शपथ पत्रों के सार्वजनिक होने के बाद उम्मीदवारों की संपत्ति, आय, शैक्षणिक योग्यता और आपराधिक मामलों से जुड़ी जानकारियां सामने आई हैं। इसी क्रम में पूर्व मेयर रमा खलखो और मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो की संपत्ति का तुलनात्मक ब्योरा भी सामने आया है, जिसमें रोशनी खलखो अधिक संपत्ति की मालकिन बताई गई हैं।
रोशनी खलखो की कुल संपत्ति 1.76 करोड़ रुपये
शपथ पत्र के अनुसार रोशनी खलखो के पास कुल 1.76 करोड़ रुपये की संपत्ति है। आयकर रिटर्न वर्ष 2025-26 के मुताबिक उनकी वार्षिक आय 6.89 लाख रुपये दर्शाई गई है। वहीं उनके पति सुजीत उरांव की सालाना आय 7.06 लाख रुपये है। पति-पत्नी दोनों व्यवसाय से जुड़े हैं और नियमित रूप से आयकर रिटर्न दाखिल करते हैं।
अचल संपत्ति, निवेश और बीमा का विवरण
रोशनी खलखो के नाम पर 46 लाख रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है, जबकि उनके पति के पास 65 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। इसके अतिरिक्त 3.03 लाख रुपये का म्यूचुअल फंड निवेश भी दर्ज है। रोशनी खलखो के नाम पर 90,436 रुपये की एलआईसी पॉलिसी है, जबकि पति-पत्नी के संयुक्त नाम से 68,846 रुपये की एलआईसी पॉलिसी मौजूद है। शपथ पत्र में यह भी बताया गया है कि उनके पति पर करीब 11 लाख रुपये का कर्ज है।
शैक्षणिक योग्यता और उम्र
रोशनी खलखो स्नातक तक शिक्षित हैं। उन्होंने दसवीं की पढ़ाई आजाद हाई स्कूल से की, वर्ष 2009 में योगदा सत्संग कॉलेज से इंटरमीडिएट और वर्ष 2012 में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। शपथ पत्र के अनुसार उनकी उम्र 35 वर्ष है।
पूर्व मेयर रमा खलखो की कुल संपत्ति करीब 96 लाख रुपये
पूर्व मेयर रमा खलखो की कुल संपत्ति लगभग 96 लाख रुपये बताई गई है। इसमें चल और अचल दोनों प्रकार की संपत्तियां शामिल हैं। उनके नाम पर चल संपत्ति 1,18,582 रुपये, पति की चल संपत्ति 1,62,700 रुपये और आश्रित की संपत्ति 2,61,423.41 रुपये दर्ज है। इस प्रकार परिवार की कुल चल संपत्ति लगभग 5.42 लाख रुपये होती है।
अचल संपत्ति में भवन का बड़ा हिस्सा
रमा खलखो की अचल संपत्ति में आवासीय भवन का अनुमानित बाजार मूल्य 40,82,854 रुपये है, जबकि उनके पति के नाम पर दुकान और भवन की कीमत 49,40,907 रुपये दर्ज है। इस तरह कुल अचल संपत्ति लगभग 90.23 लाख रुपये बैठती है।
आपराधिक मामलों की जानकारी
शपथ पत्र के अनुसार रोशनी खलखो के खिलाफ सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 5/2021 और लालपुर थाना कांड संख्या 29/22 के तहत दो प्राथमिकी दर्ज हैं। लालपुर थाना मामले में उन्हें तीन फरवरी 2026 को जमानत मिली है।
वहीं रमा खलखो के खिलाफ लातेहार थाना कांड संख्या 92/13 में आईपीसी की धारा 147, 353, 336 और 283 के तहत मामला विशेष न्यायाधीश (विजिलेंस), रांची की अदालत में संज्ञानाधीन है।
नगर निगम चुनाव के मद्देनजर दोनों उम्मीदवारों की संपत्ति और पृष्ठभूमि पर मतदाताओं की नजरें टिकी हुई हैं, जिससे चुनावी माहौल और अधिक दिलचस्प होता जा रहा है।

The Media Times – Unfiltered. Unbiased. Unstoppable.
The Media Times stands as a pillar of fearless journalism, committed to delivering raw, unfiltered, and unbiased news. In a world saturated with noise, we cut through the clutter, bringing facts to the forefront without agenda or compromise.From hard-hitting investigative reports to thought-provoking analysis, we cover politics, healthcare, business, technology, entertainment and global affairs with an unwavering commitment to truth. Our team of dedicated journalists and experts works relentlessly to challenge narratives, expose realities, and hold power accountable.At The Media Times, we don’t just report the news—we shape conversations, spark change, and empower the public with knowledge.