दी मीडिया टाइम्स डेस्क, 5 जून
BIHAR NEWS : केंद्र सरकार ने नेशनल हाईवे 31 और एनएच 231 के खगड़िया से पूर्णिया रूट को फोरलेन में अपग्रेड करने की मंजूरी दी है। इस हाईवे प्रोजेक्ट के तहत पूर्णिया शहर में 6.72 किलोमीटर लंबा एक नया ग्रीनफील्ड बाईपास भी बनाया जाएगा। यह नया बाईपास पूर्णिया और डगरूआ के बीच के इलाके में तैयार किया जाएगा।
बाईपास बनने से पूर्णिया शहर के लोगों को हर रोज लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से निजात मिल जाएगी। फोरलेन बनने के बाद खगड़िया से पूर्णिया के बीच का सफर 3.5 घंटे से घटकर महज 2 घंटे का रह जाएगा। इस नए हाईवे को क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों और पूर्णिया एयरपोर्ट से भी सीधे लिंक किया जाएगा। केंद्रीय कैबिनेट की आर्थिक मामलों की समिति ने खगड़िया-पूर्णिया खंड को फोरलेन में बदलने की मंजूरी दी है। इस प्रस्तावित नये हाईवे की कुल लंबाई 143.529 किलोमीटर होने वाली है। सड़क का निर्माण कार्य पूरी तरह टोल-आधारित यानी बीओटी मोड में किया जाएगा।
इस पूरे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को बनाने में सरकार की तरफ से 3936.05 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इस अपग्रेडेशन प्रोजेक्ट से पूर्णिया, खगड़िया, भागलपुर और कटिहार जिलों के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। इस रूट के बनने से वाहन चालकों को जर्जर सड़कों, तीखे मोड़ों और जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी।
