NITISH KUMAR REACHED ULAR DHAM : उलार धाम पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूजा-अर्चना कर बिहार की सुख समृद्धि को भगवान भास्कर से की प्रार्थना

द मीडिया टाइम्स डेस्क, 4  जून

Bihar News : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुल्हिन बाजार प्रखंड स्थित उलार सूर्य मंदिर में पूजा अर्चना की। साथ ही उन्होंने भगवान भास्कर से बिहार की सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर का जायजा भी लिया और वहां मौजूद लोगों से बातचीत की।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के ऐतिहासिक उलार धाम के सर्वांगीण विकास के लिए हमारी सरकार द्वारा कई अनगिनत कार्य किये गये हैं, जिसका परिणाम आज सबके सामने है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस ऐतिहासिक धरोहर की भव्यता और पर्यटकों की सुविधाओं को लेकर सरकार हमेशा प्रतिबद्ध रही है।

गौरतलब है कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री रहते हुए दुल्हिन बाजार के उलार सूर्य मंदिर को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और मंदिर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 14.99 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई थी। इस राशि से उलार मंदिर को एक भव्य कॉरिडोर से जोड़ा जा रहा है, जिसके तहत मंदिर परिसर में कंपाउंड, पोखरा, नाला, गेस्ट हाउस, मंडप और पार्क जैसी जरूरी सुविधाओं का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। मंदिर के पुजारी अवध बिहारी दास ने बताया कि लगभग एक वर्ष के भीतर मंदिर का यह विकास कार्य पूरी तरह संपन्न हो जाएगा, जिससे धार्मिक पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलेगा।

सुरक्षा के कड़े प्रबंधों के बीच नीतीश कुमार ने सुबह करीब 11 बजे मंदिर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बिहार की सुख, समृद्धि तथा विकास की मनोकामना मांगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *