बिहार : पटना पुलिस को धक्का दे हथकड़ी समेत फरार हुआ आरोपी

द मीडिया टाइम्स डेस्क, 30 मई

Bihar crime : बिहार की राजधानी पटना में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। राजधानी के बहादुरपुर थाने से मोबाइल छिनतई का एक आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। सबसे हैरानी की बात यह है कि आरोपित हथकड़ी समेत थाने से भाग निकला और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को पुलिस ने मोबाइल छिनतई के आरोप में युवक को गिरफ्तार किया था। देर रात आरोपित ने शौच जाने की बात कही, जिसके बाद उसे बाहर ले जाया गया। इसी दौरान वह पुलिसकर्मियों को धक्का देकर फरार हो गया। आरोपित के भागने के बाद थाने में हड़कंप मच गया। सूत्रों की मानें तो पूरी रात पुलिस टीम आरोपित की तलाश में छापेमारी करती रही, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। इस घटना ने पटना पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं।आखिर हथकड़ी लगा आरोपित पुलिस हिरासत से कैसे भाग      गया? क्या थाने में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं हो रहा था?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *