सीएम सम्राट चौधरी के हरे गमछे वाले बयान पर भड़के तेजस्वी, कहा – नफरत फैलाना फितरत 

द मीडिया टाइम्स डेस्क

पटना, 24 मई : राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू यादव अपनी पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ पटना से दिल्ली रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि 27 मई को आयोजित होने वाले तेजस्वी यादव के बेटे के पहले जन्मदिन समारोह की तैयारियों को लेकर वे दिल्ली पहुंचे हैं।

सूत्रों के अनुसार, इस जन्मदिन समारोह को भव्य रूप देने की तैयारी की जा रही है। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत विपक्ष के कई बड़े नेताओं को आमंत्रित किया गया है। राजनीतिक गलियारों में इसे विपक्षी एकजुटता और शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है।

दिल्ली रवाना होने से पहले पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरे गमछे को लेकर सम्राट चौधरी द्वारा दिया गया बयान बेहद शर्मनाक है। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सरकार के नेताओं के मन में विपक्ष के प्रति नफरत भरी हुई है।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि, ऐसा बयान सीएम की सोच को बताता है। उनके अंदर कितनी नफरत है, इस बयान से पता चलता है। तेजस्वी यादव ने कहा कि ये सब चलने वाला नहीं है। सरकार का खजाना खाली है। महिलाओं को दूसरा किस्त कब मिलेगा। बिजली का रेट बढ़ाया जा रहा है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार सरकार मुद्दों पर काम करने के बजाय बेवजह की बयानबाजी में लगी हुई है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता अब सरकार की कार्यशैली को समझ चुकी है और इससे किसी तरह की उम्मीद नहीं बची है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *