द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 23 मई : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार सरकार के सभी विभागों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संचार क्रांति के इस युग में एआई का रोल काफी अहम है। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया है कि बिहार सरकार जल्द ही एआई पॉलिसी लाने जा रही है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए बिहार को देश के अग्रणी विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। पटना के ऊर्जा स्टेडियम में आयोजित ‘बिहार एआई समिट-2026’ का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभागों में एआई का अधिक से अधिक उपयोग किया जाएगा, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता आएगी और आम लोगों की समस्याओं का तेजी से समाधान हो सकेगा। सम्राट चौधरी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल तकनीक बिहार के विकास की नई दिशा तय करेंगे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि एआई के माध्यम से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि बिहार अब तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में राज्य देश के अग्रणी विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।
