डुमरी बुुजुर्ग के सहयोग शिविर में पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जन-शिकायतों के त्वरित समाधान पर दिया जोर

द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 19 मई : सारण जिले के सोनपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम डुमरी बुजुर्ग में आयोजित “सहयोग शिविर” कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भाग लेकर जन-शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। “सहयोग शिविर” के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जा रहा है, जिससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से जुड़े मामलों का निष्पादन संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से किया जाए।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की शिकायतें सुनी गईं तथा कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया। शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, बिजली, पेयजल, भूमि विवाद और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने और किसी भी समस्या की जानकारी प्रशासन को देने की अपील की।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *