द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना/ खगड़िया, 18 मई : बिहार के खगड़िया जिले में भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दरअसल, कुछ लोग ऑटो में सवार होकर कहीं जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर दी। ट्रक चालक ने भागने के दौरान अन्य कई वाहनों को भी टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो सवार लोग किसी कार्य से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर मानसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
