द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना/ राजगीर, 18 मई : राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय में 19 मई को तृतीय स्नातकोत्सव (दीक्षांत) समारोह आयोजित किया जाएगा। यह समारोह विश्वविद्यालय के नव-निर्मित 2000 सीट क्षमता वाले ‘विश्वमित्रालय’ सभागार में संपन्न होगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. पी. के. मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन तथा विदेश मंत्रालय के सचिव (ईस्ट) रुद्रेंद्र टंडन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समारोह में 2024-26 बैच के कुल 219 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। ये छात्र 14 देशों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिनमें वियतनाम, बांग्लादेश, भूटान और म्यांमार शामिल हैं। विश्वविद्यालय ने परीक्षाओं के केवल नौ दिन बाद ही दीक्षांत समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया है, जिसे छात्रों के शैक्षणिक और व्यावसायिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
इस अवसर पर आठ मेधावी छात्रों को स्वर्ण पदक भी दिए जाएंगे, जिनमें सात छात्राएं शामिल हैं। समारोह के बाद मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के ‘कौटिल्य सेंटर फॉर कैपेसिटी बिल्डिंग’ का उद्घाटन भी करेंगे।


